भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मुंबई। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। मुंबई स्थित होटल ‘द सेंट रेजिस’ में आयोजित ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से देश की अग्रणी टेक्सटाइल कंपनी भिलोसा इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक संदीप जैन ने उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में कंपनी ने धार स्थित पीएम मित्र पार्क को केंद्र में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से कुल ₹7,500 करोड़ के निवेश और करीब 3,750 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
300 एकड़ भूमि पर विकसित होगी परियोजना
भिलोसा इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक संदीप जैन ने बताया कि कंपनी पीएम मित्र पार्क, धार में टेक्सटाइल निर्माण के लिए 200 एकड़ तथा सहायक इकाइयों के लिए अतिरिक्त 100 एकड़, यानी कुल 300 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया में है। भूमि चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
कंपनी प्रारंभिक चरण में करीब ₹2,500 करोड़ का पूंजीगत निवेश करेगी। इसके बाद परियोजना का विस्तार करते हुए कुल निवेश को ₹7,500 करोड़ तक ले जाने की योजना है। परियोजना के तहत वर्ष 2028 से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
धार-इंदौर क्षेत्र में विकसित होगा पॉलिएस्टर इकोसिस्टम
प्रस्तावित परियोजना से धार-इंदौर बेल्ट में पॉलिएस्टर यार्न, फाइबर, निटेड फैब्रिक और मैन-मेड फाइबर आधारित नॉन-गारमेंट फैब्रिक के उत्पादन का एकीकृत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित होगा। इससे मुख्य उद्योगों के साथ-साथ अनेक सूक्ष्म एवं लघु सहायक इकाइयों के लिए भी नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
देश-विदेश में मजबूत बाजार उपस्थिति
भिलोसा इंडस्ट्रीज की भारतीय पॉलिएस्टर उद्योग में मजबूत उपस्थिति है। कंपनी का वार्षिक टर्नओवर करीब ₹13,232 करोड़ बताया गया है और भारतीय पॉलिएस्टर बाजार में उसकी हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत है। कंपनी घरेलू बाजार के साथ-साथ दक्षिण अमेरिका, तुर्की और नेपाल सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पादों का निर्यात करती है।
मध्यप्रदेश में प्रस्तावित इस बड़े निवेश से प्रदेश के टेक्सटाइल उद्योग को मजबूती मिलने के साथ-साथ निर्यात और औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि की उम्मीद है।
उद्योगों को हर संभव सहयोग देगी सरकार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि धार स्थित पीएम मित्र पार्क विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और बेहतर लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी से युक्त है। यह पार्क टेक्सटाइल उद्योग के लिए देश के प्रमुख और अनुकूल केंद्रों में तेजी से विकसित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पॉलिएस्टर आधारित उद्योगों और उनसे जुड़ी सहायक इकाइयों को अनुकूल नीतियां, पारदर्शी प्रक्रियाएं और केंद्रित प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रस्तावित ₹7,500 करोड़ का निवेश मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर के विस्तार के साथ-साथ हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसरों के सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




