भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्र सरकार ने उन्हें नीति आयोग (NITI Aayog) का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिया है।
अनुराग जैन 1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। वे वर्तमान में मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। अब वे नीति आयोग के CEO के रूप में देश की विकास योजनाओं और नीतिगत कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे।
केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अनुराग जैन की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। उनके नीति आयोग के CEO बनने के बाद मध्य प्रदेश में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर भी जल्द फैसला होने की संभावना है।
अनुराग जैन इससे पहले केंद्र और राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव और नीतिगत मामलों की गहरी समझ के कारण उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।



