भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के काफिले के सामने अचानक कुछ ग्रामीणों के आ जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। हालांकि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे के कोटा-मंदसौर खंड का निरीक्षण कर 19 वाहनों के काफिले के साथ लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि काफिला तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान रतलाम के शिवगढ़ ब्रिज के पास तीन ग्रामीण अचानक सड़क पर आ गए।
स्थिति ऐसी बनी कि काफिले के वाहन ग्रामीणों के बेहद करीब से गुजर गए। समय रहते स्थिति संभल जाने से बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान काफिले के कुछ वाहन भी आपस में टकराने से बाल-बाल बच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और प्रेस नोट जारी कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने संबंधित ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए।
पुलिस के अनुसार, शांतिलाल (32), नंदलाल भाभर (30) और दिनेश भाभर (30), जो पलसोड़ी गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उनके बच्चे हाईवे के दूसरी ओर स्थित स्कूल में पढ़ते हैं। वे बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए सड़क पार करा रहे थे और वाहनों को रुकने का इशारा कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसी समय केंद्रीय मंत्री का काफिला वहां से गुजरने वाला है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक हुई या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



