भोपाल।
मध्यप्रदेश में बेटियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। राज्य सरकार अब माता-पिता की पेंशन में बेटी को भी अधिकार देने जा रही है। पेंशन नियमों में यह नया प्रावधान 1 अप्रैल से लागू होगा। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा पेंशन नियमों में पहली बार बड़ा संशोधन किया जा रहा है।
सरकार ने संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिसे जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद नए नियम प्रभावी हो जाएंगे। इस फैसले से बेटियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और पेंशन व्यवस्था में समानता को बढ़ावा मिलेगा।
राज्य सरकार के इस निर्णय को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। नए नियम लागू होने के बाद पात्र बेटियां माता-पिता की पेंशन की हकदार होंगी, जिससे उन्हें भविष्य में आर्थिक सहारा मिल सकेगा।
परिवार पेंशन की बात करें तो कर्मचारी की मृत्यु के बाद सबसे पहले पत्नी को परिवार पेंशन का लाभ मिलता है। पति और पत्नी दोनों के निधन के बाद अवयस्क बच्चों को परिवार पेंशन की पात्रता होती है।
सरकार द्वारा प्रस्तावित नए पेंशन नियमों के तहत पात्रता का दायरा बढ़ाया जा रहा है, जिससे आश्रित परिवार के सदस्यों को आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। यह कदम सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



