भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरियों और रिक्त पदों को लेकर विधानसभा में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने स्वीकार किया है कि उसके पास फिलहाल प्रदेश में खाली पड़े सरकारी पदों का एकीकृत और स्पष्ट आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। विभाग ने कहा है कि संबंधित जानकारी अभी एकत्रित की जा रही है।
विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक सेना पटेल ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों, भर्ती प्रक्रियाओं और अनुकंपा नियुक्तियों से जुड़े मामलों पर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में सामान्य प्रशासन विभाग की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने लिखित उत्तर में सभी प्रश्नों पर एक ही जवाब दिया—“जानकारी एकत्रित की जा रही है।”
विधायक ने पूछे थे ये अहम सवाल
विधायक सेना पटेल ने सरकार से पूछा था कि—
- प्रदेश के सभी विभागों और जिलों में कुल कितने पद रिक्त हैं?
- विभागवार और आरक्षणवार रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति क्या है?
- कितने पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और उसमें देरी के क्या कारण हैं?
- लंबित अनुकंपा नियुक्तियों की स्थिति क्या है और उन्हें कब तक पूरा किया जाएगा?
विपक्ष ने उठाए सवाल
सरकार के इस जवाब पर विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। विपक्ष का कहना है कि यदि सामान्य प्रशासन विभाग के पास ही प्रदेश के रिक्त पदों का समेकित ब्योरा उपलब्ध नहीं है, तो भर्ती योजनाओं की योजना और क्रियान्वयन किस आधार पर किया जा रहा है।
सरकार की ओर से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि रिक्त पदों का पूरा विवरण कब तक संकलित होगा और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर विस्तृत जानकारी कब सार्वजनिक की जाएगी।



