मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। गाड़ासरई थाना क्षेत्र के ग्राम किकरा तालाब चौराहे पर कैप्सूल कंटेनर और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार सीमेंट राखड़ से भरा कैप्सूल कंटेनर गोरखपुर की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही गाड़ासरई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, जबकि घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।



