भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले राजधानी भोपाल में देशभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। कोलार क्षेत्र में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा में जहां तक नजर गई, वहां तक तिरंगा ही तिरंगा नजर आया। देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों के बीच हजारों युवा हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का सादगी भरा अंदाज भी देखने को मिला। वे कुछ देर के लिए अपने वाहन से उतरे और लोगों के बीच पैदल चले। उन्होंने बच्चों को दुलार किया और उनके साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने युवाओं और आमजन का उत्साह बढ़ाते हुए देशभक्ति व जनसेवा का संदेश दिया।
2027 को युवा वर्ष घोषित करने की घोषणा
तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी नगर से निकाली गई यह भव्य तिरंगा यात्रा मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी तिरंगा यात्राओं में से एक है। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
‘भारत का गौरव वैश्विक मंच पर बढ़ रहा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश की शक्ति और सामर्थ्य लगातार बढ़ रहा है। नभ, जल और थल हर क्षेत्र में तिरंगा शान से लहरा रहा है। तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब देशभक्ति की नई ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत का मान-सम्मान वैश्विक मंच पर निरंतर बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 को निवेश वर्ष के रूप में मनाया गया, जिससे आजीविका के नए अवसरों का मार्ग आसान हुआ। वहीं किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से किसानों की बेहतरी के लिए काम किया जा रहा है। अब 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाकर युवाओं को नई दिशा देने का संकल्प लिया जाएगा।
बाइकर्स से लेकर महिलाएं और बच्चे हुए शामिल
तिरंगा यात्रा का आयोजन कर्म श्री संस्था की ओर से किया गया। यात्रा मदर टेरेसा स्कूल से संत हिरदाराम नगर तक निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में युवा बाइकर्स शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई बच्चे भारत माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में नजर आए। स्कूलों के बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगों से सजे भोपाल के इस नजारे ने स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल और भी खास बना दिया।




