भोपाल।
इंदौर में दूषित पानी से हो रही मौतों के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। शुक्रवार देर शाम इंदौर नगर निगम के आयुक्त दिलीप यादव को उनके पद से हटा दिया गया।
इसके साथ ही नगर निगम में नए आयुक्त की नियुक्ति कर दी गई है। राज्य शासन ने क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया है। वे इससे पहले मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक के पद पर कार्यरत थे।
इस संबंध में राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। माना जा रहा है कि दूषित पेयजल से हुई मौतों के बाद सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए यह सख्त कदम उठाया है।
नए आयुक्त क्षितिज सिंघल के सामने शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को सुधारना और लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती होगी।
राज्य सरकार की ओर से यह कदम लापरवाही और जिम्मेदारी तय करने के उद्देश्य से उठाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सख्त संदेश दिया गया है कि जनता की सेहत से किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सरकार द्वारा आगे भी दोषियों पर कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं, वहीं शहर में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष निगरानी और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।



