भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
नई दिल्ली: कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की मंगलवार को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव आयोग और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर सत्तापक्ष को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।
खड़गे ने आरोप लगाया कि CEC ज्ञानेश कुमार मोदी सरकार की ‘कठपुतली’ बन गए हैं और मतदाता सूची से नाम हटाने जैसे कदमों के जरिए लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है।
CWC की बैठक में खड़गे ने मोदी सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने पूर्वजों द्वारा स्थापित मजबूत लोकतांत्रिक नींव को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर किया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग के फैसलों से भाजपा को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उन्हें इसकी पूरी जानकारी दी जाए और उन्हें अपना पक्ष रखने तथा अपील करने का अवसर मिले। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़ों और फैसलों में अधिक पारदर्शिता की भी मांग की।
खड़गे ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ने किसी दबाव में काम किया है, तो उस दबाव के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की भी मांग की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी एक बार फिर कांग्रेस के कंधों पर है। बैठक में चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई।




