भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर Pieter Elbers ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने मंगलवार, 10 मार्च को रेगुलेटरी फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। एलबर्स के जाने के बाद अब कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर Rahul Bhatia अंतरिम तौर पर एयरलाइन के कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कंपनी ने बताया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 10 मार्च को हुई बैठक में एलबर्स का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। उन्हें आज बिजनेस ऑवर्स खत्म होने के बाद जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है और अब राहुल भाटिया कंपनी के संचालन की कमान संभालेंगे।
दिसंबर के ऑपरेशनल संकट के बाद बढ़ा दबाव
पीटर एलबर्स ने सितंबर 2022 में इंडिगो की कमान संभाली थी। पिछले साल दिसंबर में एयरलाइन को अपने इतिहास के सबसे बड़े ऑपरेशनल संकट का सामना करना पड़ा था। सैकड़ों उड़ानें रद्द होने और भारी देरी की वजह से करीब 3 लाख यात्री प्रभावित हुए थे। इस संकट से एयरलाइन की साख पर असर पड़ा और कंपनी को करीब ₹2,000 करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया गया।
DGCA ने लगाया ₹22.20 करोड़ का जुर्माना
फ्लाइट व्यवधान के बाद एविएशन रेगुलेटर Directorate General of Civil Aviation (DGCA) ने मामले की जांच की। जांच में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर इंडिगो पर ₹22.20 करोड़ का जुर्माना लगाया गया था।
निजी कारणों का हवाला देकर छोड़ा पद
राहुल भाटिया को लिखे अपने इस्तीफे में पीटर एलबर्स ने पद छोड़ने के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया। उन्होंने नोटिस पीरियड खत्म करने की अपील भी की ताकि वे तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त हो सकें। अपने पत्र में एलबर्स ने कहा कि इंडिगो के CEO के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही और कंपनी की ग्रोथ स्टोरी का हिस्सा बनना एक सुखद अनुभव रहा।



