भोपाल। राजधानी के रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर एक बड़ी घटना ने यात्रियों में हड़कंप मचा दिया, जब भोपाल से जोधपुर जाने वाली भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर कार (पावर कार) से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में हालात ऐसे बन गए कि पूरा प्लेटफॉर्म धुएं से भर गया और यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
घटना करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर लाते समय जैसे ही पावर ऑन किया गया, जनरेटर कार में शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके चलते तार जलने लगे और तेज धुआं निकलने लगा।
शुरुआती करीब 20 मिनट तक धुएं को गंभीरता से नहीं लिया गया, लेकिन धीरे-धीरे स्थिति बिगड़ती चली गई और प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद रेलवे स्टाफ और इंजीनियरिंग टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हालात को काबू में किया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और न ही किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की खबर है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट और वायरिंग में खराबी को वजह माना जा रहा है, जबकि रेलवे विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।



