भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इसे “नए भारत के इतिहास का स्वर्णिम दिन” बताया। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 को लिया गया फैसला देश की एकता और अखंडता को नई मजबूती देने वाला ऐतिहासिक कदम था।
नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 और 35A को निरस्त कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “एक देश में एक विधान, एक प्रधान और एक निशान” के संकल्प को साकार किया गया। उनके मुताबिक, इस फैसले के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास की नई गति देखने को मिली है।
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के प्रयासों से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। साथ ही रिकॉर्ड पर्यटन, तेजी से विकसित हो रहा बुनियादी ढांचा और युवाओं के लिए बढ़ते अवसर इस बदलाव की तस्वीर पेश करते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कभी श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के लिए संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन आज वहीं राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान और शान के साथ लहरा रहा है। उन्होंने इसे मजबूत नेतृत्व और “राष्ट्र प्रथम” की भावना का परिणाम बताया।
गौरतलब है कि 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने संसद में प्रस्ताव लाकर जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 और 35A को निष्प्रभावी कर दिया था। इसके साथ ही राज्य का पुनर्गठन करते हुए जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया। इस फैसले पर संसद में लंबी बहस और विपक्ष के विरोध के बावजूद सरकार अपने निर्णय पर कायम रही।




