कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी का ‘भरोसे का पत्र’ पेश किया, जिसमें राज्य के विभिन्न वर्गों के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं।
घोषणा पत्र में पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के 6 महीने के भीतर यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने का वादा किया गया है। इसके साथ ही महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है।
महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े ऐलान
बीजेपी ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकारी नौकरियों में 33% आरक्षण देने का वादा किया है। इसके अलावा 75 लाख ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये और 6 पोषण किट देने की भी घोषणा की गई है।
कर्मचारियों और रोजगार पर फोकस
सरकारी कर्मचारियों को 45 दिन के भीतर सातवें वेतनमान का लाभ देने का वादा किया गया है। वहीं महिलाओं को राज्य की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की बात भी कही गई है।
UCC और कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख
घोषणा पत्र में 6 महीने के भीतर UCC लागू करने के साथ-साथ भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा और कानून-व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी करने की बात कही गई है। पार्टी ने अवैध घुसपैठ और गो-तस्करी पर सख्त कार्रवाई का भी वादा किया है।
अमित शाह ने कहा कि यह घोषणा पत्र “भरोसे का पत्र” है, जो बंगाल को “भय के माहौल” से निकालकर विकास और रोजगार के नए रास्ते पर ले जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी की सरकार बनने पर राज्य में विकास को गति दी जाएगी और “सोनार बांग्ला” के सपने को साकार किया जाएगा।
घोषणा पत्र में कैंसर स्क्रीनिंग, महिला सुरक्षा के लिए विशेष स्क्वाड, कृषि उत्पादों के लिए बेहतर मूल्य, और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास जैसी कई योजनाओं का भी जिक्र किया गया है।
फिलहाल इस घोषणा पत्र के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं, जहां बीजेपी ने बड़े वादों के जरिए चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है।



