भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र पूरी दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महात्मा गांधी की भावनाओं और स्वदेशी के विचार को आगे बढ़ाते हुए देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जा रहे हैं।
‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, लेकिन उस दौर में अंग्रेजों की सोच और उनकी व्यवस्थाओं की विरासत को आगे बढ़ाया गया। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ की भावना के साथ स्वदेशी को बढ़ावा दिया जा रहा है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि 2 अक्टूबर को देश महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे दो महान नेताओं की जयंती मना रहा है।
कैप्टन स्मित मछार के साहस को किया याद
मुख्यमंत्री ने भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार के साहस की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित ने इजरायल जा रहे यात्री विमान में अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रियों की जान बचाने का अद्भुत साहस दिखाया।
डॉ. यादव ने कहा कि उनके इस साहस से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हुआ है। उन्होंने यात्रियों की जान बचाने के साथ आतंकवादियों के मंसूबों को विफल करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित को बधाई दी है। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों की ओर से उनके साहस, शौर्य और मानवता की भावना को नमन करते हुए बधाई दी।
‘नशा मुक्ति की ओर बढ़ रहा मध्य प्रदेश’
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंच रहे हैं। इस दौरान गोपालक सम्मेलन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और युवाओं के कौशल विकास को प्रोत्साहित करने से जुड़े कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के उद्घाटन सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात प्रदेश को मिलने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश नक्सलमुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब नशा मुक्ति की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।




