मध्य प्रदेश में नौतपा के तीसरे दिन भी भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। प्रदेश के कई जिलों में आसमान से आग बरसती नजर आई और तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो में 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं नौगांव में पारा 45.6 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई तक गर्मी का असर चरम पर रहेगा। हालांकि अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और प्री-मानसून एक्टिविटी देखने को मिल सकती है।
राजगढ़ में 44.6 डिग्री, दतिया में 45.2 डिग्री, दमोह, सतना और टीकमगढ़ में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा रीवा 44.8, श्योपुर 44.4, गुना 44.3, नरसिंहपुर 44.2, सागर और मंडला 44 डिग्री तक तपे। ग्वालियर में 44.1 डिग्री, भोपाल में 43.2 डिग्री, जबलपुर में 43.9 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने छतरपुर, निवाड़ी, सतना, टीकमगढ़, रीवा और पन्ना जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं ग्वालियर, जबलपुर, सागर, सीधी, दमोह, शहडोल, मंडला और बालाघाट समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
इसके अलावा भोपाल, उज्जैन, रायसेन, देवास, खरगोन, शाजापुर, शिवपुरी, मंदसौर और डिंडोरी सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।



