भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल: मध्य प्रदेश बीजेपी संगठन में नए नेतृत्व के साथ राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नवनियुक्त संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी और प्रदेश प्रभारी विप्लव देव पदभार संभालने से पहले धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर रहे हैं। वहीं, इसके बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 3 अक्टूबर को भोपाल दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है।
महाकाल के दरबार में पहुंचेंगे चंद्रशेखर तिवारी
नवनियुक्त संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी पदभार ग्रहण करने से पहले धार्मिक यात्रा पर हैं। उन्होंने चित्रकूट पहुंचकर भगवान श्रीराम की तपोभूमि के दर्शन किए। इसके बाद वे उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन और पूजन करेंगे।
उज्जैन में दर्शन के बाद तिवारी भोपाल पहुंचेंगे और 30 सितंबर को संगठन महामंत्री का पदभार संभालेंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद बीजेपी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों और रणनीति पर चर्चा होने की बात कही जा रही है।
विप्लव देव का भोपाल में व्यस्त कार्यक्रम
बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी विप्लव देव भी भोपाल पहुंचकर धार्मिक और राजनीतिक मुलाकातों का सिलसिला शुरू करेंगे। उनके कार्यक्रम के अनुसार, भोपाल पहुंचने के बाद वे गुफा मंदिर में भगवान महादेव के दर्शन करेंगे।
इसके बाद वे पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे और मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी भेंट करेंगे। शाम को प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
3 अक्टूबर को अमित शाह का संभावित भोपाल दौरा
नए प्रदेश प्रभारी और संगठन महामंत्री के पदभार ग्रहण के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का 3 अक्टूबर को भोपाल दौरा प्रस्तावित बताया जा रहा है। शाह भेल दशहरा मैदान में आयोजित पशुपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो सकते हैं।
इस दौरान सहकारिता क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठक की भी संभावना जताई जा रही है। बैठक में मध्य प्रदेश के साथ छत्तीसगढ़, गुजरात और राजस्थान के सहकारिता मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
‘कृषक कल्याण वर्ष’ पर सरकार का फोकस
मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। सरकार का फोकस खेती के साथ-साथ पशुपालन, डेयरी विकास, सहकारिता और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर है।
ऐसे में अमित शाह का प्रस्तावित दौरा राज्य में डेयरी और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रमों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, दौरे और कार्यक्रम से जुड़े कुछ विवरण प्रस्तावित हैं और अंतिम कार्यक्रम में बदलाव संभव है।




