भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की यह भविष्यवाणी कि 21वीं सदी भारत की होगी, आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार होती नजर आ रही है। भारत ने प्रत्येक वैश्विक मंच पर अपनी साख स्थापित की है और प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं। भारत आज नैतिक शक्ति के बल पर विश्व का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के शंकर लाल सभागार में मध्यांयल स्टूडेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मध्यांचल उत्सव-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा लोकतांत्रिक देश है और प्रधानमंत्री मोदी इस युवा लोकतंत्र का प्रभावी नेतृत्व कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के कोने-कोने से आए युवा आज दिल्ली में संगठित होकर अध्ययन कर रहे हैं, यह प्रदेश के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। बड़ी संख्या में युवाओं से हुई यह भेंट उनकी दिल्ली यात्रा को सार्थक बनाती है।
युवाओं को सक्षम बनाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे कम बेरोजगारी वाले राज्यों में शामिल है और राज्य सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ खड़ी है। युवाओं को सक्षम बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार के लिए सभी प्रकार की अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध हैं। सरकार का लक्ष्य है कि मध्यप्रदेश का युवा जॉब सीकर नहीं बल्कि जॉब क्रिएटर बने। युवा कृषि, तकनीक, चिकित्सा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक क्षेत्रों में दक्ष होकर देश और प्रदेश को सशक्त बनाएं।
सिंचाई, बजट और मेडिकल शिक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने राज्य की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश में सिंचाई के रकबे में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आगामी पांच वर्षों में राज्य का बजट दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। पीपीपी मॉडल के तहत अधिक से अधिक मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, ताकि नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के माध्यम से प्रदेश में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाई जा सके।
उन्होंने बताया कि टेक्सटाइल उद्योग की स्थापना पर प्रति श्रमिक 5 हजार रुपये प्रतिमाह की सहयोग राशि सरकार देगी, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। युवाओं के सहयोग के लिए राज्य सरकार की नीतियों में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
ऊर्जा, पर्यटन और निवेश में अग्रणी मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश बिजली सरप्लस राज्य है और रिन्यूएबल एनर्जी में देश में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध करा रहा है, जिसकी दर मात्र 2 रुपये 10 पैसे है। माइनिंग सेक्टर में तेजी से कार्य हो रहा है और जैव विविधता के क्षेत्र में भी प्रदेश अग्रणी है। भोपाल के बड़े तालाब में शिकारा संचालन, फिल्म एवं पर्यटन नीति के माध्यम से निवेशकों और युवाओं को विशेष लाभ दिए जा रहे हैं।
अंत में मुख्यमंत्री ने मध्यांचल छात्र संगठन को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि छात्र इसी तरह संगठित होकर सकारात्मक कार्य करें और प्रदेश व देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।



