भोपाल संवाददाता: रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से रविवार सुबह तीन बड़ी और महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं। एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज का दिन संगठन और आम जनता से संवाद के लिए आरक्षित रखा है, वहीं स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के तबादलों की नई गाइडलाइन और समयसारिणी जारी कर दी है। उधर, चर्चित ट्विशा शर्मा मामले में भोपाल सेंट्रल जेल प्रशासन ने आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का आज का दिन रहेगा ‘रिजर्व’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज किसी बाहरी दौरे पर नहीं जाएंगे और राजधानी भोपाल में ही रहेंगे। वे अपने निवास पर आम नागरिकों, प्रबुद्ध जनों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके अलावा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ आगामी रणनीतियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठकें और वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे।
शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया 8 जून से शुरू
मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर नई गाइडलाइन जारी कर दी है। विभाग के अनुसार 8 जून से ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू होगी। पहले प्रशासनिक स्तर पर तबादले किए जाएंगे, इसके बाद शिक्षकों को स्वैच्छिक स्थानांतरण का अवसर मिलेगा।
तबादला प्रक्रिया की प्रमुख तिथियां:
- 8 से 15 जून: प्रशासनिक प्रस्तावों का पंजीयन
- 8 से 17 जून: जिला, संभाग एवं राज्य कॉडर प्रस्तावों का पंजीयन
- 18 जून: रिक्त पदों की सूची पोर्टल पर प्रदर्शित
- 19 से 23 जून: स्वैच्छिक तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन
- 24 से 26 जून: डाटा प्रोसेसिंग और अनुमोदन
- 28 से 30 जून: ऑनलाइन ट्रांसफर आदेश जारी
- 30 जून से 6 जुलाई: भारमुक्ति और ज्वाइनिंग प्रक्रिया
ट्विशा शर्मा केस: आरोपियों पर कड़ी निगरानी
हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मामले में भोपाल सेंट्रल जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की निगरानी के लिए 12 से अधिक जेल प्रहरियों को तैनात किया गया है। साथ ही बैरकों के बाहर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार समर्थ सिंह को सामान्य वार्ड में रखा गया है, जहां पांच प्रहरी लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं गिरिबाला सिंह की सुरक्षा के लिए सात महिला प्रहरियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। जेल प्रशासन ने यह कदम सुरक्षा और संभावित विवादों को ध्यान में रखते हुए उठाया है।



