योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे के बाद दो दिवसीय यात्रा पर जापान की राजधानी टोक्यो पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। वह 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान दौरे पर हैं, जिनमें प्रदेश के औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ भी शामिल हैं।
सीएम योगी ने जापान पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “Landed in Tokyo, Japan… उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्री राम की पावन धरा के ‘आदित्य’ का नमस्कार…”
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जापान की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने Mitsui & Co. के मैनेजिंग ऑफिसर काजुकी शिमिजु से भेंट कर नवीकरणीय ऊर्जा, आईसीटी, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में संभावित निवेश पर वार्ता की। साथ ही अवसंरचना परियोजनाओं, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और औद्योगिक निवेश में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री ने Konoike Transport Co., Ltd. के प्रतिनिधियों से भी बैठक की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउसिंग, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सीएम योगी ने कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया, जिससे भारत और जापान के बीच औद्योगिक सहयोग को और मजबूती मिल सके।
सरकार का मानना है कि यह दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



