मध्यप्रदेश में ‘नारी शक्ति वंदन’ मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी ने भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी नेताओं ने बताया कि कल से पूरे प्रदेश में ‘नारी शक्ति वंदन पदयात्रा’ निकाली जाएगी। साथ ही विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाकर निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सदन में महिलाओं के सम्मान के खिलाफ माहौल देखने को मिला। उनके मुताबिक, “सारे दुशासन, दुर्योधन और कौरव जैसे लोग सदन में नजर आए, जिन्होंने महिलाओं को सशक्त होने से रोकने की कोशिश की।” उन्होंने विपक्ष पर अवसरवाद और “अलगाववादी मानसिकता” का आरोप भी लगाया।
सीएम ने कहा कि राज्यभर में इस मुद्दे को लेकर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। पंचायत से लेकर नगर निगम स्तर तक विरोध प्रस्ताव पारित किए जाएंगे और जनता के बीच जाकर विपक्ष का “पर्दाफाश” किया जाएगा।
प्रदेशभर में आंदोलन की तैयारी
बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल पदयात्रा तक सीमित नहीं रहेगा। कल से प्रदेश में आक्रोश रैलियां भी निकाली जाएंगी। पार्टी का दावा है कि हर स्तर पर महिलाओं के सम्मान के मुद्दे को उठाया जाएगा।
विपक्ष पर बीजेपी का हमला
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ देश की आधी आबादी से जुड़ा अहम विषय है, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध कर महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेतृत्व को “महिला विरोधी” करार दिया।
‘नारी शक्ति वंदन’ को लेकर मध्यप्रदेश में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। बीजेपी जहां इसे जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी में है, वहीं आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी टकराव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।



