भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल / उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के गौरवशाली 25 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) मध्य प्रदेश में एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान की भव्य शुरुआत आज शाम 7 बजे उज्जैन के ऐतिहासिक रामघाट पर होगी।
रामघाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व शिप्रा नदी के तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके साथ ही, आज प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस को पूरे प्रदेश में ‘सेवा पर्व’
के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत बीजेपी कार्यकर्ता प्रदेश के सभी बूथों पर लाभार्थियों के घरों में दीये जलाएंगे।
दो चरणों में आयोजित होंगे कार्यक्रम
इस एक महीने लंबे अभियान को दो प्रमुख चरणों में बांटा गया है, जिसके तहत गांव-गांव तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा:
1. पहला चरण: 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक
- विकसित भारत प्रतियोगिताएं: स्कूलों में ‘विकसित भारत’ थीम पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
- नुक्कड़ नाटक (नमो सेवा): ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से नुक्कड़ और संगीतमय नाटकों द्वारा पीएम मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
- आंगन मिलन सेवा (25 सितंबर से 7 अक्टूबर): आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम होंगे, जिसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही महिला एवं बाल स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी।
- स्वच्छता अभियान (2 अक्टूबर): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर पूरे मध्य प्रदेश में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
- शक्ति केंद्रों पर संवाद: प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभव साझा किए जाएंगे।
2. दूसरा चरण: 7 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक
- पदयात्रा और रैलियां: 7 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के हर जिले और गांव में पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी।
- वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा: गुजरात के वडनगर (हाटकेश्वर महादेव) से 250 बाइकों पर 500 यात्री जल लेकर वाराणसी जाएंगे, और इसी तरह वाराणसी से यात्री वडनगर लौटेंगे। इस यात्रा का एक बड़ा हिस्सा मध्य प्रदेश से होकर गुजरेगा, जहां कुल 13 यात्राएं राज्य की सीमाओं को छुएंगी।
- 25 मिनट का श्रमदान (सेवा मेरा योगदान): अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता 25 अलग-अलग तरह की सेवाओं में रोज़ाना 25 मिनट का श्रमदान करेंगे। इसके अलावा ‘सेवा सेतु शिविर’ और ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ नाम से रंगोली प्रतियोगिताएं भी होंगी।
‘सेवा सुशासन संवाद’ के साथ होगा समापन
इस एक महीने लंबे महाअभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सेवा सुशासन संवाद’ के साथ होगा। इस विशेष संवाद कार्यक्रम में जमीनी स्तर के जनप्रतिनिधियों (पंच-सरपंच) से लेकर देश के शीर्ष नेतृत्व तक सभी लोग डिजिटल माध्यम से एक साथ जुड़ेंगे।



