भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल / इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 सितंबर 2026 को इंदौर से महीने भर चलने वाले ‘सेवा-संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और भगवान विश्वकर्मा जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर शुरू हुए इस अभियान के तहत राज्य सरकार ने ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026’ योजना का आगाज किया है, जिसके तहत प्रदेश के 50 लाख ग्रामीणों को उनकी संपत्ति की मुफ्त रजिस्ट्री (मालिकाना हक) दी जाएगी।
इस अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इससे पहले, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम डॉ. यादव का इंदौर की सड़कों पर एक विशाल और भव्य रोड-शो हुआ।
लोकमाता अहिल्याबाई से प्रेरित है स्वामित्व योजना: नितिन नवीन
मंच से कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा:
- ऐतिहासिक कदम: लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर ने विधवा बहनों को संपत्ति का अधिकार देकर सुशासन की नींव रखी थी। उनसे प्रेरणा लेकर सीएम डॉ. यादव ने इंदौर की पवित्र नगरी से 50 लाख गरीबों को मुफ्त रजिस्ट्री का यह अनमोल तोहफा दिया है।
- स्वाभिमान का दस्तावेज: यह रजिस्ट्री सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि ग्रामीण आबादी के स्वाभिमान का मार्ग है, जिन्हें पीढ़ियों से अपनी ही जमीन पर मालिकाना हक नहीं मिला था। सरकार ने पूरे प्रदेश में 68 लाख भूखंडों का सर्वे पूरा कर लिया है।
सेवा पर सवाल उठाने वाले विपक्ष को दिया करारा जवाब
राहुल गांधी और विपक्ष के हालिया हमलों पर तीखा पलटवार करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता न मिलने से परेशान विपक्ष ‘सेवा के भाव’ को कभी नहीं समझ सकता। उन्होंने याद दिलाया कि पीएम मोदी की नीतियों के कारण ही आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, 200 करोड़ से ज्यादा फ्री वैक्सीन और 51 लाख करोड़ रुपये सीधे गरीबों के बैंक खातों में (DBT) पहुंचे हैं। ब्रिक्स बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा कि विपक्ष को केवल खाने का मैन्यू दिखता है, दो बड़े राष्ट्राध्यक्षों के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान नजर नहीं आता।
23 हजार गांवों में एक महीने चलेगा मुफ्त रजिस्ट्री महाअभियान: CM डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मध्य प्रदेश की धरती पर स्वागत करते हुए कई बड़ी घोषणाएं कीं:
- गांवों का कायाकल्प: देश की आजादी के बाद लंबे समय तक विपक्ष ने राज किया, लेकिन ग्रामीणों का दर्द नहीं समझा। अब हमारी सरकार प्रदेश के 23 हजार से अधिक गांवों में एक महीने तक अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री का विशेष अभियान चलाएगी।
- लाड़ली बहनों को अतिरिक्त लाभ: सीएम ने बताया कि अब तक लाड़ली बहनों के खातों में 55 हजार करोड़ से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। इसके साथ ही, रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली बहनों को VGF (वायबिलिटी गैप फंडिंग) के माध्यम से ₹5,000 प्रति माह अलग से लाभ दिया जाएगा।
- धार्मिक स्थलों का विकास: भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली और लीलाओं से जुड़े प्रदेश के सभी स्थानों के साथ-साथ भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव को भव्य तीर्थ क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।



