भोपाल। मध्यप्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीदी ने इस बार नया रिकॉर्ड बना दिया है। राज्य सरकार के उपार्जन अभियान के तहत प्रदेश देशभर में गेहूं खरीदी के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गया है। इस सीजन में हुई रिकॉर्ड खरीदी ने पिछले चार वर्षों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है और यह बीते 10 वर्षों की सबसे बड़ी गेहूं खरीदी बन गई है।
13 लाख से अधिक किसानों से खरीदी
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक प्रदेश के 13 लाख 27 हजार किसानों से गेहूं खरीदा जा चुका है। इस सीजन में कुल 102 लाख मीट्रिक टन गेहूं का रिकॉर्ड उपार्जन हुआ है, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है।
किसानों के खातों में पहुंचे 22,165 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर किसानों को भुगतान तेजी से किया जा रहा है। अब तक खरीदे गए गेहूं के बदले किसानों के खातों में 22,165 करोड़ रुपए की राशि DBT के माध्यम से ट्रांसफर की जा चुकी है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
28 मई तक बढ़ाई गई खरीदी की अवधि
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि 23 मई से बढ़ाकर अब 28 मई कर दी है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जो किसान अभी तक अपनी उपज नहीं बेच पाए हैं, वे निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर बढ़ी हुई अवधि का लाभ उठाएं।



