भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश सरकार ने विभागों के बंटवारे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। राज्य मंत्री लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। अब उनके पास केवल आनंद विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।
सरकार के फैसले के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग का प्रभार अपने पास रख लिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के पास अब कुल 11 विभागों की जिम्मेदारी हो गई है।
वर्तमान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग का प्रभार है।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, विभाग में इस बदलाव की आधिकारिक वजह अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। माना जा रहा है कि विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।



