भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल दतिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कार्यकारिणी भंग किए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके अवधेश नायक ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए खुशी जाहिर की और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधा।
अवधेश नायक ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वर्ष 2018 में उन्हें कथित तौर पर बदनाम किया गया और उनके खिलाफ केस दर्ज कराए गए, लेकिन भाजपा संगठन के सामने कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनावी विजय जुलूस के दौरान उनके द्वारा पहनाई गई माला उतारकर फेंक दी गई थी और सार्वजनिक रूप से उन्हें अपमानित किया गया।
नायक ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 2023 में उन्होंने “पुराना हिसाब-किताब पूरा कर लिया”। साथ ही उन्होंने कहा कि 2008 में टिकट कटने का जो दर्द उन्हें मिला था, उससे कहीं अधिक दर्द भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा को उपचुनाव में दिया।
उन्होंने आगे लिखा कि दतिया भाजपा कार्यकारिणी पर हुई संगठनात्मक कार्रवाई उन लोगों के लिए सबक है, “जो साथ रहकर घात करते हैं।” हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दतिया से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव है, इसलिए संगठन की इस कार्रवाई से उन्हें अच्छा नहीं लगा। उन्होंने सभी से निजी रिश्तों और आपसी सम्मान को बनाए रखने की अपील करते हुए अपनी पोस्ट का समापन “सबको जय माई की” के साथ किया।
अवधेश नायक के इस बयान के बाद दतिया की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। फिलहाल नरोत्तम मिश्रा की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




