भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में आज कई अहम गतिविधियां देखने को मिलेंगी। तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस भोपाल में प्रदर्शन करेगी। टीईटी के विरोध में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना भी जारी है। इसके अलावा मंदसौर में नकली घी और दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है।
बैंक हड़ताल स्थगित, फाइव डे वर्किंग की थी मांग
तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित हो गई है। IBA और UFBU के बीच हड़ताल नोटिस को लेकर बैठक हुई, जिसमें कुछ मुद्दों पर सहमति बनी। इसके बाद आंदोलन और प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया गया।
बैंक कर्मचारी फाइव डे वर्किंग समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने वाले थे। सहमति बनने के बाद फिलहाल बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल का असर नहीं पड़ेगा।
CM मोहन यादव के आज कई कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका दिनभर व्यस्त कार्यक्रम रहेगा।
सुबह 10:50 बजे अटल बिहारी सुशासन संस्थान, भोपाल पहुंचेंगे।
सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बैठक में शामिल होंगे।
दोपहर 1:50 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
दोपहर 1:55 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में शामिल होंगे।
दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री चर्चा करेंगे।
शाम 4:05 बजे मुख्यमंत्री की मुलाकात निर्धारित है।
शाम 7 बजे इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।
इंदौर के लता मंगेशकर सभागार, आईडीए में सम्मान समारोह के साथ गीत-संगीत संध्या का आयोजन होगा।
EC के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन
चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस आज भोपाल में प्रदर्शन करेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च निकालेंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर रवाना होंगे। प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
TET के विरोध में शिक्षकों का धरना जारी
टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। भोपाल के नीलम पार्क में धरने का आज दूसरा दिन है। सोमवार को जबलपुर संभाग के शिक्षक प्रदर्शन में शामिल होंगे। अलग-अलग संभागों के शिक्षक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन में हिस्सा लेंगे।
अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की ओर से तीन प्रमुख मांगों को लेकर बेमियादी धरना दिया जा रहा है।
शिक्षकों की प्रमुख मांगें:
TET से मुक्ति: लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए। इसके लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मांग की जा रही है।
सेवा गणना: प्रथम नियुक्ति की तारीख से सेवा अवधि की गणना कर उसी आधार पर वरिष्ठता तय की जाए।
ई-अटेंडेंस: शिक्षकों के विभागीय और अन्य शासकीय दायित्वों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था को स्वैच्छिक किया जाए।
मंदसौर में नकली घी-दूध की फैक्ट्री पर छापा
मंदसौर में पुलिस ने नकली घी और दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 85 कट्टे मिल्क पाउडर, 15 लीटर क्षमता वाले पाम ऑयल के 7 डिब्बे और 6 कट्टे यूरिया बरामद किए। इसके अलावा तैयार नकली घी भी जब्त किया गया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया है। मामले में फैक्ट्री संचालक समेत दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सुवासरा थाना क्षेत्र के खेजड़िया भूप गांव में यह फैक्ट्री पिछले कई महीनों से संचालित हो रही थी। पुलिस और खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद मामले की जांच जारी है।




