भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
Govt Jobs 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अलग-अलग विभागों में भर्ती के कई अवसर सामने आए हैं। भारतीय डाक विभाग, रेलवे, बैंकिंग सेक्टर और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से 48 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जानकारी सामने आई है। इन भर्तियों में 10वीं, 12वीं, ITI, इंजीनियरिंग डिप्लोमा, B.Tech और ग्रेजुएशन की योग्यता रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार संबंधित भर्ती की पात्रता, आयु सीमा और आवेदन की अंतिम तिथि की जांच कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले उम्मीदवारों को संबंधित विभाग का आधिकारिक नोटिफिकेशन पढ़ने की सलाह दी जाती है।
इंडिया पोस्ट GDS में 23,757 पदों पर भर्ती
भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS), ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM) और असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) के 23,757 पदों पर भर्ती निकाली है।
इस भर्ती के लिए 10वीं पास उम्मीदवार OTR यानी One Time Registration प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बजाय 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट के जरिए किया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
साउथर्न रेलवे में अप्रेंटिस के 4,471 पद
साउथर्न रेलवे ने अप्रेंटिस के 4,471 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। 10वीं और ITI पास उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 27 सितंबर 2026 है। उम्मीदवारों का चयन 10वीं और ITI में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट के जरिए किया जाएगा। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 15 वर्ष निर्धारित की गई है।
IBPS RRB में 13,441 पदों पर मौका
बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी बड़ा अवसर है। बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) में क्लर्क और ऑफिसर स्केल-1, 2 और 3 के कुल 13,441 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी की है।
इस भर्ती के लिए ग्रेजुएशन पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू होने की जानकारी दी गई है। उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।
SSC JE में डिप्लोमा और B.Tech वालों के लिए मौका
इंजीनियरिंग डिप्लोमा और B.Tech डिग्री धारकों के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जूनियर इंजीनियर (JE) के 1,748 पदों पर भर्ती निकाली है।
इस भर्ती के लिए संबंधित इंजीनियरिंग डिप्लोमा या B.Tech डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अंतिम चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के चरण-1 और चरण-2 के आधार पर किया जाएगा।
RRB NTPC में 5,165 पदों पर भर्ती
रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए RRB NTPC भी अहम मौका है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) के तहत ग्रेजुएट और अंडर-ग्रेजुएट स्तर के 5,165 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है।
12वीं पास और ग्रेजुएट उम्मीदवार संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। पदवार योग्यता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी RRB की क्षेत्रीय वेबसाइटों पर उपलब्ध कराई जाएगी। चयन प्रक्रिया में CBT-1 और CBT-2 शामिल होंगे।
किस योग्यता वाले उम्मीदवार कहां कर सकते हैं आवेदन?
इन भर्तियों में 10वीं से लेकर इंजीनियरिंग और ग्रेजुएशन तक की योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए अवसर हैं।
- 10वीं पास: इंडिया पोस्ट GDS और साउथर्न रेलवे अप्रेंटिस
- 12वीं पास: RRB NTPC के अंडर-ग्रेजुएट पद
- ग्रेजुएट: IBPS RRB और RRB NTPC के संबंधित पद
- इंजीनियरिंग डिप्लोमा/B.Tech: SSC JE
उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना, पात्रता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क और अंतिम तिथि जरूर जांच लें। किसी भी भर्ती में आवेदन केवल संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें।




