भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने दिल्ली में ‘लंच पॉलिटिक्स’ का आयोजन किया है। कांग्रेस की ओर से INDIA ब्लॉक के सभी सांसदों को लंच के लिए आमंत्रित किया गया है। यह लंच दिल्ली के सागर रत्ना रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया है।
लंच में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी पहुंचीं। इस दौरान रेस्टोरेंट के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।
जंतर-मंतर से महज 100 मीटर दूर है लंच स्थल
कांग्रेस का लंच जिस सागर रत्ना रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया है, वह जंतर-मंतर से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। विपक्ष के एक दिन पहले हुए प्रदर्शन और राहुल गांधी के पूर्व के प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस सतर्क है।
पुलिस को आशंका है कि लंच के बाद राहुल गांधी जंतर-मंतर की ओर जा सकते हैं। इसी को देखते हुए आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
9 अक्टूबर को बड़े प्रदर्शन की तैयारी?
सूत्रों के मुताबिक, 9 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के कई बड़े नेता दिल्ली में जुट सकते हैं। विपक्षी सांसदों से दिल्ली में ही रहने को कहा गया है। इस दिन विपक्ष की ओर से किसी बड़े कार्यक्रम या दिल्ली में मार्च निकाले जाने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय भी मांगा है। ऐसे में 9 अक्टूबर को दिल्ली में विपक्षी नेताओं की बैठक और मार्च की संभावनाओं को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
CEC को हटाने की मांग पर विपक्ष एकजुट
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया है। इसके बाद कांग्रेस का यह लंच कार्यक्रम विपक्षी एकजुटता के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि लंच के दौरान आगे की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विपक्षी नेताओं के बीच चर्चा हो सकती है।



