भोपाल। मुख्यमंत्री निवास में होली का पर्व इस वर्ष विशेष उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। डॉ. मोहन यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ रंगों और फूलों की होली खेली। इस दौरान मुख्यमंत्री निवास रंग-बिरंगे गुलाल और खुशियों से सराबोर नजर आया।
सीएम हाउस में भव्य तैयारियां की गई थीं। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी मुख्यमंत्री को होली की शुभकामनाएं देने पहुंचे। रंगों की बौछार के बीच फूलों की होली ने आयोजन को और भी खास बना दिया। पूरे परिसर में उत्सव का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा कि उत्साह, उमंग और समरसता के पावन पर्व होली की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कामना की कि यह उत्सव हर आंगन में सुख, शांति और समृद्धि के नए रंग बिखेरे तथा समाज में सद्भाव, सकारात्मकता और एकता के रंग सदा चटक बने रहें।



