भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में बुधवार का दिन प्रशासनिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहने वाला है। राजधानी भोपाल से लेकर जबलपुर तक कई बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिन पर प्रदेशभर की नजर रहेगी।
छठे वित्त आयोग की महत्वपूर्ण बैठक आज
मध्य प्रदेश के छठे वित्त आयोग की अहम बैठक आज भोपाल में आयोजित होगी। लालघाटी स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस और संभागायुक्त कार्यालय में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया करेंगे। बैठक में भोपाल संभाग के जनप्रतिनिधियों, कलेक्टरों, नगर निगम आयुक्तों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की जाएगी। आयोग के सदस्य पूर्व आईएएस केके सिंह और विधानसभा के पूर्व अतिरिक्त सचिव वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का जबलपुर दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर प्रवास पर रहेंगे। वे दोपहर 12 बजे भोपाल से रवाना होकर वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 2 बजे भोपाल लौटेंगे। शाम 5 बजे राजधानी के रविंद्र भवन में आयोजित साइबर जनजागरूकता अभियान कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
भोपाल में खुलेगा प्रदेश का पहला शास्त्रीय संगीत रिकॉर्डिंग स्टूडियो
राजधानी भोपाल में आज मध्य प्रदेश का पहला शास्त्रीय संगीत को समर्पित अत्याधुनिक रिकॉर्डिंग स्टूडियो शुरू होने जा रहा है। पद्मश्री गुंदेचा बंधुओं द्वारा स्थापित ध्रुपद संस्थान में एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस स्टूडियो का उद्घाटन किया जाएगा। स्टूडियो का निर्माण भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सहयोग से हुआ है।
ग्रैमी विजेता रिकी केज करेंगे उद्घाटन
सेंट्रल इंडिया की आधुनिकतम तकनीक से लैस इस स्टूडियो में जर्मनी की प्रसिद्ध निमान कंपनी के उपकरण लगाए गए हैं। उद्घाटन समारोह में तीन बार ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, यशराज स्टूडियो के चीफ साउंड रिकॉर्डिस्ट विजय दयाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
प्रदेश में आज होने वाले इन महत्वपूर्ण आयोजनों पर दिनभर सभी की निगाहें बनी रहेंगी।



