जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 21 लोगों की जान चली गई और 29 से अधिक यात्री घायल हो गए। रामनगर से उधमपुर जा रही यात्रियों से भरी बस कागोत इलाके के पास अचानक टायर फटने से अनियंत्रित हो गई और करीब 100 फीट गहरी खाई में गिरकर पलट गई।
हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। इनमें से 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कई एंबुलेंस तैनात की गईं और गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था भी की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे का शिकार बस पब्लिक ट्रांसपोर्ट की थी और प्रशासन हरसंभव मदद पहुंचा रहा है। वहीं डीआईजी शिवा कुमार शर्मा ने 21 मौतों की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए प्रशासन को राहत कार्य तेज करने और घायलों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



