भोपाल।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘VB G RAM G’ योजना ग्रामोदय से अभ्युदय तक की भावना को साकार करने वाला अभियान है। राजधानी भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला के दौरान उन्होंने इंदिरा गांधी की शादी का जिक्र करते हुए कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा वोटों की लालच में सत्ता हासिल करने के लिए योजनाएं लाती रही है।
सोमवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में ‘जी राम जी एक्ट’ को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश’ अभियान का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत प्रदेश संगठन के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ‘VB G RAM G’ योजना का उद्देश्य गांव से लेकर प्रदेश के समग्र विकास तक है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा योजनाओं को केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता पाने के लिए जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किया।
गांधी परिवार पर हमला
सीएम ने कहा कि इंदिरा गांधी की इंटरकास्ट शादी हुई, लेकिन गांधी जी के नाम को भुनाने का काम किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि महात्मा गांधी का मूल परिवार आज कहां है? मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भगवान राम का नाम आता है, वहां कांग्रेस को परेशानी होने लगती है।
डॉ. यादव ने आगे कहा कि राम मंदिर को लेकर कोर्ट का फैसला आने के बाद मुस्लिम पक्ष भी फैसले के साथ था, लेकिन उस समय कांग्रेस कहीं नजर नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमिपूजन से लेकर अब तक गांधी परिवार का कोई भी सदस्य राम मंदिर नहीं गया।
मुख्यमंत्री के इस बयान को आगामी राजनीतिक रणनीति और भाजपा के वैचारिक अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।



