भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सोमवार को जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने को लेकर अहम चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में सीएम ने जनरल द्विवेदी का स्वागत किया और सेना में भर्ती के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि अगले वर्ष 15 जनवरी को राजधानी भोपाल में भव्य ‘सेना दिवस’ परेड का आयोजन किया जाएगा। इस खास मौके पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश की समृद्ध सैन्य विरासत और वीर सैनिकों के सम्मान को और मजबूत करेगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 9 जनवरी से ही हो जाएगी, जिसमें ‘शौर्य संध्या’, सैन्य प्रदर्शनी और सैन्य अभ्यास जैसे कई महत्वपूर्ण आयोजन शामिल रहेंगे।
राजधानी भोपाल में होने वाला यह आयोजन न केवल सैन्य शक्ति का प्रदर्शन होगा, बल्कि युवाओं को सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने का भी एक बड़ा मंच साबित होगा।



