संवाददाता भोपाल : रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में आज राजनीतिक और शैक्षणिक गतिविधियां चर्चा में रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाजापुर और इंदौर के दौरे पर रहेंगे, जहां वे ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। वहीं, मध्य प्रदेश तकनीकी शिक्षा संचालनालय (MPDTE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इंजीनियरिंग, बीसीए, बीबीए और फार्मेसी पाठ्यक्रमों की ऑनलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है।
शाजापुर में ‘मन की बात’ सुनेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह भोपाल से शुजालपुर पहुंचेंगे। यहां वे जे.एन.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यकर्ताओं और छात्रों के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगे। इसके साथ ही ‘कॉलेज चलो अभियान’ और महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ भी करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री रोड शो में शामिल होंगे और मां शारदा सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
इंदौर में प्रशिक्षण कार्यशालाओं में होंगे शामिल
दोपहर बाद मुख्यमंत्री इंदौर पहुंचेंगे, जहां भाजपा की ग्रामीण और शहरी प्रशिक्षण कार्यशालाओं में भाग लेंगे। शाम को वे राजवाड़ा में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे तथा अहिल्याबाई जयंती समारोह में शामिल होंगे।
MPDTE काउंसलिंग 2026 का शेड्यूल जारी
मध्य प्रदेश तकनीकी शिक्षा संचालनालय (MPDTE) ने 2026-27 सत्र के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बीसीए, बीबीए और फार्मेसी पाठ्यक्रमों के लिए पंजीयन प्रक्रिया 29 मई से शुरू हो चुकी है।
वहीं बीई और बीटेक पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 2 जून से 24 जून तक किए जाएंगे। इसके बाद चॉइस फिलिंग, मेरिट सूची, सीट आवंटन और संस्थानों में रिपोर्टिंग की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी होगी।
तकनीकी शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को समय पर पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और चॉइस फिलिंग करने की सलाह दी है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और सरकारी, स्वशासी तथा निजी तकनीकी संस्थानों की सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।



