बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट में जबलपुर की GST टीमों ने हर्ष कंस्ट्रक्शन (आंवलाझरी) और बैनगंगा कंस्ट्रक्शन फर्म (गोंदिया मार्ग) में छापेमारी की, जो दूसरे दिन भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष कंस्ट्रक्शन फर्म पूर्व मंत्री और बीजेपी जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे के बड़े भाई से जुड़ी है। इस फर्म का भरवेली मॉयल में रेत सप्लाई, निर्माण कार्य, आईल फैक्ट्री और राईस मिल का कारोबार बताया जा रहा है। टीम इन फर्मों के सभी दस्तावेजों की जांच कर रही है।
जबलपुर की GST टीम देर शाम पहुंची और देर रात तक दस्तावेज खंगालने के बाद कक्षों को सील किया, वहीं दूसरे दिन फिर से जांच शुरू की गई।
वहीं, बैनगंगा कंस्ट्रक्शन फर्म पार्टनरशिप में संतोष जायसवाल और लावेश घरडे से जुड़ी है, जो सड़क निर्माण कार्यों में सक्रिय हैं। GST टीम ने इनके आवास और ऑफिस में दस्तावेजों की जांच भी की।
यह कार्रवाई GST नियमों के उल्लंघन और बड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के लिए की जा रही है, और दस्तावेजों की पड़ताल अभी जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, यह मामला दस्तावेजों में कमियां और संभावित टैक्स चोरी से जुड़ा हो सकता है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि GST टीम ने हर्ष कंस्ट्रक्शन में कौन-सी अनियमितताएं या उल्लंघन पाए हैं।
वहीं चर्चा का विषय यह है कि बीजेपी के जिलाध्यक्ष और पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे के भाई से जुड़ी इस फर्म पर GST टीम कार्रवाई करने क्यों पहुंची। इस कार्रवाई की जांच अभी जारी है और दस्तावेजों की पड़ताल पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।



