Modi Cabinet Decision: केरल अब ‘केरलम’, मोदी कैबिनेट की मंजूरी; ₹12 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी, सेवातीर्थ में पहली बैठक
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi की अध्यक्षता में मंगलवार को नए कार्यालय ‘सेवातीर्थ’ में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। केंद्र सरकार ने भारत के दक्षिणी राज्य Kerala का नाम बदलकर आधिकारिक रूप से ‘केरलम’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
विधानसभा के प्रस्ताव को मिली स्वीकृति
गौरतलब है कि Pinarayi Vijayan के नेतृत्व वाली केरल सरकार ने 24 जून 2024 को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर राज्य का नाम ‘केरल’ से बदलकर ‘केरलम’ करने की मांग की थी। इससे पहले अगस्त 2023 में भी ऐसा प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था, जिसे गृह मंत्रालय ने तकनीकी संशोधन के लिए लौटाया था। संशोधित प्रस्ताव को दोबारा पारित कर भेजा गया, जिस पर अब मुहर लग गई है।
मुख्यमंत्री विजयन का तर्क था कि ‘केरलम’ राज्य का मूल और स्थानीय उच्चारण है, जो उसकी सांस्कृतिक पहचान को अधिक सटीक रूप से दर्शाता है।
₹12 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी
बैठक के बाद केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने जानकारी दी कि कैबिनेट ने 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। इनमें अहमदाबाद मेट्रो विस्तार, रेलवे लाइनों का दोहरीकरण और जूट के समर्थन मूल्य में वृद्धि जैसे फैसले शामिल हैं।
‘सेवातीर्थ’ में पहली कैबिनेट बैठक
यह बैठक नए पीएमओ परिसर ‘सेवातीर्थ’ में आयोजित की गई, जिसका निर्माण ₹1189 करोड़ की लागत से हुआ है। इससे पहले 13 फरवरी को कैबिनेट बैठक साउथ ब्लॉक स्थित पीएमओ में हुई थी। आजादी के बाद से प्रधानमंत्री कार्यालय साउथ ब्लॉक में ही संचालित होता रहा है।
नए परिसर के पास ही प्रधानमंत्री का नया आधिकारिक आवास भी निर्माणाधीन है। तैयार होने के बाद प्रधानमंत्री वर्तमान 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास से नए आवास में शिफ्ट होंगे।
केरल का नाम ‘केरलम’ किए जाने के फैसले को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है, खासकर आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र।



