टीकमगढ़, मध्य प्रदेश। उमा भारती ने जिला प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ एक अनोखे अंदाज़ में विरोध दर्ज कराया। उन्होंने सड़क किनारे हाथठेला लगाकर पोहा और जलेबी बेची और छोटे दुकानदारों के समर्थन में खुलकर सामने आईं।
मामला टीकमगढ़ नगर के सिविल लाइन मार्ग का है, जहां सोमवार को नगर पालिका प्रशासन ने एसडीएम और तहसीलदार की टीम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान जेसीबी मशीनों से फुटपाथ पर लगी कई छोटी दुकानें और हाथठेले हटा दिए गए थे, जिससे स्थानीय दुकानदारों की रोजी-रोटी पर असर पड़ा।
इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही उमा भारती ने इसका विरोध किया। मंगलवार सुबह वह अपने सिविल लाइन स्थित निवास से निकलकर उसी स्थान पर पहुंचीं, जहां से दुकानदारों को हटाया गया था। वहां उन्होंने खुद ठेला लगाकर पोहा और जलेबी बेची और दुकानदारों के साथ एकजुटता दिखाई।
उमा भारती ने हटाए गए दुकानदारों से अपील की कि वे दोबारा उसी स्थान पर अपने ठेले लगाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ खड़ी हैं और प्रशासन से बात कर इस समस्या का समाधान निकालेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि गरीबों की रोजी-रोटी छीनना उचित नहीं है और उनके ठेले दोबारा लगाए जाने चाहिए।
यह अनोखा विरोध अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और स्थानीय राजनीति में भी हलचल पैदा कर दी है।



