भोपाल संवाददाता : रोशनी बिसेन
मध्यप्रदेश में नौतपा के पांचवें दिन भी मौसम का मिजाज बेहद गर्म और अस्थिर बना हुआ है। जहां एक ओर कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार को भोपाल और जबलपुर समेत प्रदेश के 27 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट (लू का खतरा)
मौसम विभाग ने ग्वालियर, छतरपुर, टीकमगढ़, मुरैना, श्योपुर और निवाड़ी जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में दोपहर के समय भीषण गर्मी का असर रहेगा, जबकि शाम के बाद मौसम में बदलाव संभव है।
इसके साथ ही कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश की संभावना भी जताई गई है।
सबसे गर्म रहा खजुराहो
नौतपा के चौथे दिन गुरुवार को मध्यप्रदेश में तापमान ने रिकॉर्ड स्तर छुआ।
- खजुराहो – 46.5°C (सबसे गर्म)
- राजगढ़ – 46°C
- दतिया – 45.7°C
- दमोह, नौगांव, मलाजखंड – 45.5°C
- टीकमगढ़ – 45.2°C
- सतना – 45.1°C
- ग्वालियर, गुना – 44.7°C
- भोपाल – 43.8°C
- इंदौर – 41.8°C
ग्वालियर में मौसम ने मारी पलटी
ग्वालियर जिले में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही तेज आंधी और बारिश के कारण तापमान में 10 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
ओलावृष्टि की भी संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शाम के समय प्रदेश के कई अंचलों में आंधी के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
नौतपा के इस दौर में मध्यप्रदेश का मौसम दोहरी चुनौती पेश कर रहा है—एक तरफ भीषण गर्मी और लू, तो दूसरी तरफ अचानक आंधी-बारिश और ओले। आने वाले दिनों में मौसम के ऐसे ही उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।



