भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक कुमार रात्रे और भूपेंद्र कुमार भैना के रूप में हुई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुलगाम में अज्ञात बंदूकधारियों ने दोनों मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। गंभीर रूप से घायल दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। दीपक कुमार रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र कुमार भैना को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
चरणदास महंत ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने राज्य के एडीजी (इंटेलिजेंस) अमित कुमार से फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से संपर्क कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महंत ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा भी की।
हमले की जांच जारी
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकियों द्वारा लिए जाने का दावा किया गया है। साथ ही कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि हमले से पहले पीड़ितों की धार्मिक पहचान पूछी गई थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना के बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और आतंकियों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है।



