भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
इंदौर। नीम करौली बाबा और भगवान हनुमान जी के स्वरूप पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों का जबर्दस्त प्रतिसाद मिल रहा है। सनातन संस्कृति और आस्था से जुड़ी इस फिल्म को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री करने की मांग उठी है। इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह किया है।
विधायक गोलू शुक्ला ने अपने पत्र में कहा कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ भगवान हनुमान जी के स्वरूप और सनातन संस्कृति के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाती है। उनका कहना है कि फिल्म का संदेश समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। आम और गरीब वर्ग के लोग भी इसे आसानी से देख सकें, इसके लिए मध्य प्रदेश सरकार को फिल्म को तत्काल टैक्स फ्री करना चाहिए।
बढ़े टिकट दामों पर विधायक ने जताई नाराजगी
फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता और पब्लिसिटी के बीच सिनेमाघरों में टिकट के दाम बढ़ाए जाने पर भी विधायक गोलू शुक्ला ने नाराजगी जताई है। उन्होंने टिकट की बढ़ी कीमतों को गलत बताते हुए कहा कि सनातन धर्म और आस्था से जुड़ी फिल्मों का लाभ हर वर्ग के नागरिक को मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ी फिल्मों को केवल व्यावसायिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। ऐसी फिल्मों को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाना जरूरी है।
10 सितंबर को जनता के लिए विशेष शो
विधायक गोलू शुक्ला ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 की जनता के लिए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष शो आयोजित करने की घोषणा भी की है। यह विशेष शो गुरुवार, 10 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को फिल्म देखने का अवसर उपलब्ध कराना है।
₹2 करोड़ के बजट से ₹150 करोड़ क्लब तक पहुंची फिल्म
कैंची धाम और नीम करौली बाबा की महिमा पर आधारित बताई जा रही ‘हनुमान अंश’ कम बजट में बड़ी सफलता हासिल करने का दावा कर रही है। करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹150 करोड़ के क्लब में प्रवेश किया है।
फिल्म की सफलता के बाद इसे लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। अब विधायक गोलू शुक्ला की टैक्स फ्री करने की मांग के बाद फिल्म एक बार फिर चर्चा में है।




