भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए सितंबर का महीना खुशियां लेकर आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर 2026 को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
सरकार के इस अंतरण के बाद योजना के तहत अब तक महिलाओं को नियमित मासिक सहायता के रूप में दी गई कुल राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।
1,000 से शुरू हुआ सफर, अब हर महीने मिल रहे 1,500 रुपये
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना जून 2023 में शुरू की गई थी। शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 में सरकार ने इसमें 250 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए मासिक सहायता को 1,250 रुपये कर दिया।
इसके बाद नवंबर 2025 से सहायता राशि में फिर 250 रुपये की बढ़ोतरी हुई। वर्तमान में योजना की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है।
39 किस्तों के बाद अब 40वीं किस्त की बारी
योजना के तहत जून 2023 से अगस्त 2026 तक 39 नियमित किस्तें पात्र महिलाओं के खातों में पहुंच चुकी हैं। अब सितंबर की 40वीं किस्त का इंतजार खत्म होने वाला है।
सरकार की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की अतिरिक्त विशेष सहायता भी दी गई थी।
पेंशन पाने वाली महिलाओं को भी योजना का लाभ
लाड़ली बहना योजना के नियमों के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से हर महीने 900 रुपये पाने वाली पात्र महिलाओं को भी लाभ दिया जा रहा है। ऐसी महिलाओं को निर्धारित प्रावधान के अनुसार अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।
अब तक 63,560 करोड़ रुपये से ज्यादा ट्रांसफर
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के जरिए 63,560.90 करोड़ रुपये महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक योजना पर करीब 11,300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, इस वित्तीय वर्ष के लिए योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
आगर मालवा को भी मिलेगी करोड़ों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा में लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के साथ कई विकास कार्यों का भी शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री 225 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे।
इसके अलावा 28 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा। यानी 13 सितंबर को एक तरफ प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में करोड़ों रुपये पहुंचेंगे, वहीं आगर मालवा को भी विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिलेगी।



