मुंबई/पुणे। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हुए विमान हादसे को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है कि इस हादसे की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी CBI से कराई जाए। हादसे में अजित पवार समेत चार अन्य लोगों की मौत हुई थी।
फडणवीस ने कहा कि DGCA VSR कंपनी का ऑडिट कर रहा है और उसकी सभी लॉगबुक चेक की जा रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जांच रिपोर्ट का इंतजार करना होगा और किसी तरह की कयासबाजी से बचना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्य की सत्तारुढ़ महायुति सरकार सुनिश्चित करेगी कि विमान हादसे से जुड़े सभी शक दूर हों। उन्होंने कहा कि NCP ने भी CBI जांच की मांग की है और इसके साथ ही DGCA और राज्य CID की जांच भी जारी रहेगी।
हादसा 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती के पास चार्टर्ड प्लेन लैंडिंग के दौरान हुआ था। अजित पवार के भतीजे और NCP नेता रोहित पवार ने हादसे के पीछे परिस्थितियों पर सवाल उठाए और केंद्रीय जांच की मांग की थी। फडणवीस ने कहा कि इस जांच को सभी राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी जरूरी माना जा रहा है।



