भोपाल। देशभर में राज्यसभा चुनाव 2026 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग ने 24 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर भी 18 जून को वोटिंग होगी। इन सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों में दावेदारों की लंबी कतार नजर आ रही है। राजनीतिक समीकरणों को देखें तो बीजेपी के खाते में दो और कांग्रेस के हिस्से में एक सीट जाना लगभग तय माना जा रहा है।
1 जून से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक 1 जून 2026 से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की आखिरी तारीख तय की गई है। 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी।
एमपी की तीन सीटें हो रही खाली
मध्यप्रदेश से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, बीजेपी नेता जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। खास बात यह है कि दिग्विजय सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि वे तीसरी बार राज्यसभा नहीं जाएंगे। उनके इस फैसले के बाद कांग्रेस में टिकट को लेकर हलचल तेज हो गई है।
विधानसभा गणित में बीजेपी मजबूत
मध्यप्रदेश विधानसभा में वर्तमान में बीजेपी के 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 64 विधायक हैं। ऐसे में आंकड़ों के हिसाब से बीजेपी आसानी से दो सीटें जीत सकती है, जबकि कांग्रेस के खाते में एक सीट जाना तय माना जा रहा है।
बीजेपी में कई बड़े चेहरे दावेदारी में
बीजेपी में राज्यसभा टिकट के लिए कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य, विनोद गोटिया, अरविंद भदौरिया, रामनिवास रावत और नरोत्तम मिश्रा प्रमुख माने जा रहे हैं। पार्टी युवा चेहरे या किसी संत समाज से जुड़े नाम पर भी दांव खेल सकती है।
कांग्रेस में भी बढ़ी हलचल
दिग्विजय सिंह के राज्यसभा से हटने के संकेत के बाद कांग्रेस में दावेदारी तेज हो गई है। पूर्व सांसद नकुलनाथ, अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल, सज्जन सिंह वर्मा, मीनाक्षी नटराजन और प्रदीप अहिरवार जैसे नाम चर्चा में हैं। कांग्रेस संगठन इस बार सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की रणनीति पर काम कर रहा है।
एमपी की 11 सीटों में बीजेपी का दबदबा
मध्यप्रदेश की कुल 11 राज्यसभा सीटों में फिलहाल 8 सीटों पर बीजेपी और 3 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। बीजेपी के राज्यसभा सांसदों में तीन महिला सांसद शामिल हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में फिलहाल कोई महिला राज्यसभा सांसद नहीं है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बीजेपी और कांग्रेस आखिर किन चेहरों पर भरोसा जताती हैं और क्या चुनाव में कोई चौंकाने वाला नाम सामने आता है।



