Mahaaryaman Scindia Injured: रोड शो के दौरान महाआर्यमन सिंधिया को लगी सीने में चोट, इलाज के बाद ग्वालियर रवाना
शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र एवं मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया रोड शो के दौरान चोटिल हो गए। वह तीन दिवसीय दौरे पर गुना-शिवपुरी क्षेत्र में आए हुए थे। पिछोर में आयोजित रोड शो के दौरान वाहन के अचानक ब्रेक लगने से उन्हें जोर का झटका लगा, जिससे उनके सीने में चोट आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाआर्यमन सिंधिया गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण वाहन को अचानक रोकना पड़ा। झटके के बाद उन्हें दर्द महसूस हुआ, जिसके चलते उन्होंने कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिया।
दर्द बढ़ने पर उन्हें तत्काल शिवपुरी जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा सिटी स्कैन सहित आवश्यक जांच की गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार चोट हल्की थी और जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गई। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि घबराने जैसी कोई बात नहीं है।
इलाज के बाद महाआर्यमन सिंधिया बेहतर देखरेख के लिए ग्वालियर रवाना हो गए। चोट के कारण वह बामौरा के निर्धारित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही समर्थक और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए थे।



