Bhopal में बजट सत्र के दौरान दिए गए ‘औकात में रहो’ बयान को लेकर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा माफी मांगने के बाद भी संसदीय कार्य मंत्री Kailash Vijayvargiya के तेवर नरम नहीं पड़े हैं।
मीडिया के सवाल—‘आपकी तरफ से सीएम ने माफी मांगी है’—पर विजयवर्गीय ने कहा, “कप्तान है वो तो यार, माफी मांगी तो क्या हो गया।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे बढ़ा विवाद?
एमपी बजट सत्र के चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अदाणी ग्रुप से जुड़े मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष Umang Singhar से तीखे लहजे में कहा—“औकात में रहो।” बयान के बाद सदन में हंगामा बढ़ गया और विपक्ष ने मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
विधानसभा अध्यक्ष Narendra Singh Tomar ने इस पर अफसोस जताया, वहीं मुख्यमंत्री ने मंत्री की ओर से माफी मांगी।
‘जुबान पर शनि’ वाले सवाल पर भी दिया जवाब
पत्रकारों के ‘जुबान पर शनि बैठा है?’ सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा—“ये किसी ज्योतिषी से पूछूंगा।”
वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री किसान, युवा और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय ‘औकात’ बता रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “भागीरथपुरा का भूत अभी भी उनके पीछे पड़ा है।”
युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सुरक्षा कड़ी
मंत्री के बयान के विरोध में युवा कांग्रेस घेराव की तैयारी में है। इसे देखते हुए उनके भोपाल स्थित बंगले की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
उधर बीजेपी विधायक Pritam Lodhi ने कहा कि विपक्ष ‘मुट्ठी भर’ है और अगर घेराव किया गया तो जवाब दिया जाएगा। उन्होंने पूरे विपक्ष से माफी की मांग भी की है।
मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर जारी है।



