भोपाल। डॉ. मोहन यादव मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर बनी फिल्म ‘शतक’ देखने थिएटर पहुंचे। उनके साथ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मूवी राष्ट्रीय पुनर्निर्माण की विराट यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है और प्रत्येक नागरिक को इसे अवश्य देखना चाहिए।
सीएम ने कहा कि बीते 100 वर्षों में तप, त्याग और अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने असंख्य स्वयंसेवकों का निर्माण कर राष्ट्रसेवा की अद्वितीय परंपरा स्थापित की है। यह फिल्म उसी समर्पण, संकल्प और राष्ट्रीय चेतना की प्रेरक गाथा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिल्म में 1925 में संघ की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक के सफर को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि संघ के प्रथम सरसंघचालक केशव बलिराम हेडगेवार ने आजादी से पहले ही देश की भावी दिशा को लेकर परिकल्पना की थी और देशभक्त युवाओं के साथ शाखा प्रारंभ की। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हेडगेवार ने प्रारंभिक दौर में कांग्रेस के साथ भी कार्य किया, लेकिन बाद में अलग राह चुनी।
मध्य प्रदेश में फिल्म टैक्स फ्री
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ‘शतक’ फिल्म को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री किया गया है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि यह फिल्म नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को समझने का सशक्त माध्यम है।
सीएम ने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय से लेकर महात्मा गांधी और अन्य क्रांतिकारियों के साथ विभिन्न कालखंडों में जुड़े प्रयासों का उल्लेख भी फिल्म में किया गया है। आजादी के बाद बाढ़, भूकंप और अन्य आपदाओं में संघ की भूमिका को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है।
उन्होंने फिल्म निर्माता को बधाई देते हुए कहा कि 1925 में लगाया गया एक छोटा सा पौधा आज वटवृक्ष बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस ऐतिहासिक यात्रा को समझने के लिए सभी नागरिकों को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए।



