भोपाल/उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के दशहरा मैदान में 11 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाले छह दिवसीय वन मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महाकाल की नगरी को बड़ी सौगात देते हुए उज्जैन में आयुर्वेदिक एम्स (AIIMS) स्थापित किए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और प्रयासों से देश में स्थापित किए जाने वाले तीन आयुर्वेदिक एम्स में से एक मध्यप्रदेश को मिला है, जो उज्जैन में खोला जाएगा। उन्होंने समुद्र मंथन का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भगवान धन्वंतरि प्रकट हुए थे, तो आयुर्वेद की उस परंपरा से उज्जैन कैसे अछूता रह सकता है।
डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले समय में उज्जैन महानगर के रूप में विकसित होगा। शहर में चार और छह लेन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही आवागमन को सुगम बनाने के लिए कई पुलों का निर्माण कार्य जारी है। शिप्रा तट, वीर दुर्गादास की छत्री से रणजीत हनुमान मंदिर तक 4 लेन मार्ग, श्री अंगारेश्वर मंदिर और सिद्धवट को जोड़ने वाले पुल, भैरवगढ़ से पीपली नाका तक समानांतर पुल सहित विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में विकास की गंगा बह रही है और आने वाले वर्षों में यह शहर धार्मिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।



