पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होनी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में चुनावी माहौल को तेज करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जोरदार हमला बोला। बनगांव में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में ही TMC का घमंड टूट चुका है और दूसरे चरण में भाजपा की जीत स्पष्ट नजर आ रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 साल पहले TMC ‘मां, माटी, मानुष’ का नारा देकर सत्ता में आई थी, लेकिन आज वे इन मूल्यों का सम्मान करना भी भूल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में “सिंडिकेट, कट-मनी और कमीशनखोरी” का बोलबाला है और आम जनता परेशान है।
पीएम मोदी ने औद्योगिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हुगली और 24 परगना के बीच का इलाका कभी मिलों और फैक्ट्रियों का केंद्र हुआ करता था, लेकिन अब वहां कारखाने बंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय की फैक्ट्रियां भी अब बंद होने की कगार पर हैं, जिससे रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं।
उन्होंने TMC सरकार पर ‘जंगलराज’ का आरोप लगाते हुए कहा कि छोटे-छोटे नेता और गुंडे खुद को सरकार समझने लगे हैं। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और “पलटानो दरकार” (बदलाव जरूरी है) का नारा बुलंद कर रही है।
रविवार को हावड़ा में भाजपा सांसद रवि किशन ने पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो भी किया। इस दौरान कुछ TMC समर्थकों के साथ हल्की झड़प की स्थिति बनी, हालांकि रवि किशन ने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की।
प्रधानमंत्री रविवार को आरामबाग में जनसभा करेंगे और इसके बाद कोलकाता में रोड शो में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वे मतुआ समुदाय से जुड़े हरि चंद और गुरु चंद ठाकुर के मंदिर भी जाएंगे, जिसे समुदाय का पवित्र स्थल माना जाता है।
चुनाव के दूसरे चरण से पहले भाजपा और TMC के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे राज्य की राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।



