भोपाल संवाददाता: रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उत्तराखंड और नई दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह उज्जैन से इंदौर पहुंचकर देहरादून के लिए रवाना होंगे। इसके बाद अल्मोड़ा स्थित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम आश्रम में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम को नई दिल्ली पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।
वहीं जीतू पटवारी आज रीवा और सीधी जिले के दौरे पर रहेंगे। रीवा में नवीन जिला कांग्रेस कार्यालय का भूमिपूजन करने के साथ वे प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। इसके बाद सीधी और सिंगरौली के कांग्रेस पदाधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कलेक्टर-कमिश्नरों के साथ CS अनुराग जैन की कॉन्फ्रेंस
मुख्य सचिव अनुराग जैन आज प्रदेश के सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों के साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंस करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की समीक्षा और सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी।
ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में हाईकोर्ट में सुनवाई
जबलपुर हाईकोर्ट में आज ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में उनकी सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत निरस्त करने की मांग पर सुनवाई होगी। राज्य सरकार और ट्विशा के पिता ने याचिका दायर की है।
भोपाल में आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल
भोपाल में मंगलवार रात आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। टीटी नगर क्षेत्र में ब्लैकआउट कर हवाई हमले और आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया गया।
बकरीद के चलते MCU की परीक्षाएं स्थगित
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय ने 28 मई को होने वाली परीक्षाएं बकरीद अवकाश के चलते स्थगित कर दी हैं।
भील आर्ट एग्जीबिशन का आयोजन
मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में भील जनजातीय चित्रकार सुनीता भावोर की चित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई है। 73वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी 30 मई 2026 तक जारी रहेगी।



