भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में आज कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम होने जा रहे हैं। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। वहीं प्रदेश में शिक्षकों के तबादलों की प्रक्रिया भी आज से शुरू हो रही है। इसके अलावा भोपाल में गुजरात की तर्ज पर गिफ्ट सिटी विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है।
विश्व सिकल सेल दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह
विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। प्रदेश में सिकल सेल रोग उन्मूलन के लिए अब तक 1.32 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान करीब 39 हजार रोगियों और 2.42 लाख से अधिक कैरियर की पहचान की गई है। सरकार द्वारा 1.20 करोड़ से अधिक सिकल सेल कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।
सीएम मोहन यादव का व्यस्त दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खंडवा, इंदौर और उज्जैन के दौरे पर रहेंगे। वे ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे और सिकल सेल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद इंदौर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। शाम को उज्जैन पहुंचकर कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक लेंगे।
आज से शुरू होंगे शिक्षकों के तबादले
प्रदेश में शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया आज 19 जून से शुरू हो रही है। शिक्षक 23 जून तक स्वैच्छिक तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों और 90 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले शिक्षकों को फिलहाल आवेदन की अनुमति नहीं होगी। प्रदेश में नियमित शिक्षकों की संख्या लगभग 1.75 लाख है।
भोपाल में बनेगी गिफ्ट सिटी
मध्य प्रदेश सरकार ने गुजरात की तर्ज पर भोपाल में गिफ्ट सिटी विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। हाल ही में हुई विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने इस परियोजना पर काम तेज करने के निर्देश दिए। राज्य में आईटी और टेक सेक्टर में 12,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है, जिससे करीब 50 हजार नए रोजगार सृजित होने की संभावना है। इसके साथ ही उज्जैन में डीपटेक रिसर्च पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।
मध्य प्रदेश के लिए आज का दिन स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश और विकास परियोजनाओं के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।



